Sponsored Links

स्वादिष्ट कढ़ी : सिन्धी, राजस्थानी एवं गुजराती

सिंधी कढ़ी
सामग्री :   
  • 6 बड़े चम्मच बेसन,   
  • आवश्यकतानुसार हरी सब्ज़ियां (गाजर, लौकी, भिंडी, बैगन, बरबटी आदि।),
  • 1 हरी मिर्च, 
  • चुटकीभर हींग, 
  • 1 छोटा चम्मच ज़ीरा, 
  • 1 छोटा चम्मच मेथी दाना, 
  • 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, 
  • चुटकीभर हल्दी पाउडर, 
  • स्वादानुसार नमक, 
  • 2 बड़े चम्मच इमली का गूदा, 
  • थोड़ा-सा बारीक कटा हरा धनिया।
विधि :
  • एक कड़ाही में तेल डालकर गर्म करें। इसमें हींग, ज़ीरा, मेथीदाना व हरी मिर्च डालकर तड़काएं। इसमें बारीक कटी सब्जियां डालकर पकाएं। अब बेसन डालकर भून लें। गैस बंद करें। लगभग एक लीटर पानी डालकर एकसार करें। ध्यान रहे कि बेसन में गुठली न पड़ने पाए। तैयार घोल को पुन: उबालने रखें और लगातार चलाते रहें। अब कटी हुई हरी सब्ज़ियां, हल्दी, धनिया और नमक डालें। 10-15 मिनट तक पकाएं। जब सब्जियां नरम हो जाएं, तब इमली का गूदा डालकर 2 मिनट तक पकाएं। तैयार कढ़ी को हरे धनिए से सजाकर गर्मा-गर्म परोसें।
काले चने की राजस्थानी कढ़ी
सामग्री :
  • 1 कटोरी काले चने, 
  • 3 कप बेसन, 
  • 1 तेज पत्ता, 
  • 1 टुकड़ा दालचीनी, 
  • 2-4 लौंग, 
  • स्वादानुसार नमक,
  • डेढ़ छोटे चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 
  • 2 छोटे चम्मच घी, 
  • चुटकीभर हींग, 
  • थोड़ा-सा बारीक कटा हरा पुदीना।
विधि :
  • काले चनों को थोड़े से गुनगुने पानी में 4-5 घंटे के लिए भिगोकर रखें। इसके पश्चात पानी निथारकर चने को प्रेशर कुकर में पकाएं। ठंडा होने पर चने का पानी निथार लें और इसी पानी से बेसन का घोल तैयार करें। तैयार घोल में नमक, लाल मिर्च पाउडर व अमचूर डालकर अच्छी तरह मिला लें। एक कड़ाही में घी गर्म करें। इसमें हींग, तेजपत्ता, लौंग व दाल चीनी डालकर तड़काएं। अब बेसन का घोल और आवश्यकतानुसार पानी डाल दें। लगातार चलाते हुए कढ़ी पकाएं। उबाल आने पर पके हुए चने डाल दें। इसे 15-20 मिनट तक पकाएं। कढ़ी तैयार है, बारीक कटे हरे पुदीने से सजाकर परोसें।
मीठी गुजराती कढ़ी
सामग्री :
  • 1 कप ताज़ा दही, 
  • 1 बड़ा चम्मच बेसन, 
  • 1 छोटा चम्मच अदरक 
  • मिर्च का पेस्ट, 
  • 10-12 कढ़ी पत्ते, 
  • 1 बड़ा चम्मच गुड़ या चीनी, 
  • स्वादनुसार नमक, 
  • 3 छोटा चम्मच ज़ीरा, 
  • 3 छोटा चम्मच मेथी दाना, 
  • 1 बड़ा चम्मच घी या तेल, 
  • थोड़ा-सा बारीक कटा हरा धनिया।
विधि :
  • दही को अच्छी तरह फेंट ले। अब इसमें बेसन डालकर एकसार करें। साथ ही दो गिलास पानी डालकर तैयार घोल एक ओर रख दें। एक कड़ाही में घी गर्म करें। इसमें ज़ीरा व मेथी दाना डालकर तड़का लें। अदरक-मिर्ची का पेस्ट व कढ़ी पत्ते डालकर पकाएं। इसमें बेसन-दही का घोल डाल दें और उबाल आने तक लगातार चलाती रहें। नमक व चीनी डालें। धीमी आंच पर 12-15 मिनट पकाएं। बारीक कटे हरे धनिए से सजाकर गर्मा-गर्म कढ़ी परोसें

0 comments: