स्वादिष्ट केक बनाइये और खाइये

फ्रूट केक
सामग्री :

  • 100 ग्राम काजू, 
  • 50 ग्राम किशमिश, 
  • 100 ग्राम गुलाब कतरी, 
  • 1 चम्मच वनीला एसेंस, 
  • 1 चम्मच वनीला पाउडर, 
  • 250 ग्राम शक्कर, 
  • 250 ग्राम छना हुआ मैदा 
  • 6 अंडे।

विधि :
  • ऐसे बनाएं-एक बड़े कटोरे में अंडे फोड़कर डालें और फेंट लें। इसमें शक्कर और मैदा डालकर अच्छी तरह से फेंट लें। शक्कर के अच्छी तरह घुल जाने पर वनीला एसेंस व वनीला पाउडर डालकर मिश्रण को एकसार करें। अब काजू, किशमिश व गुलाब कतरी मिलाएं। तैयार मिश्रण को चिकनाई लगे सांचे में डालें। पहले से गर्म ओवन में 160 डिग्री पर करीब 40-45 मिनट तक केक बेक करें। ठंडा होने पर सांचे से सावधानीपूर्वक केक निकालें।

नोट :
  • यदि आप केक में अंडे नहीं मिलाना चाहतीं, तो 250 ग्राम एगलैस पाउडर भी मिला सकती हैं। यह पाउडर बाहर में आसानी से उपलब्ध है। अंडों के स्थान पर एगलैस पाउडर का इस्तेमाल करने पर, मैदे व शक्कर को घोलने के लिए आवश्यकतानुसार पानी मिलाएं।

स्पंज पाइनएप्पल केक
सामग्री :

  • 250 ग्राम शक्कर, 
  • 250 ग्राम मैदा, 
  • 7 अंडे या 250 ग्राम एगलैस पाउडर, 
  • आवश्यकतानुसार पानी, 
  • 1 कप बारीक कटे पाइनएप्पल के टुकड़े।
क्रीम बनाने के लिए-
  • 500 ग्राम ताजी क्रीम, 
  • 150 ग्राम शक्कर।

विधि :
  • स्पंज केक-एक बोल में मैदा व शक्कर मिलाएं। इसमें थोड़ा-सा पानी व एगलैस पाउडर डालकर अच्छी तरह फेंट लें। पानी इतना डालें, जिससे शक्कर व मैदा आसानी से घुल सकें। तैयार मिश्रण को चिकनाई लगे सांचे में डालें। पहले से गर्म ओवन में 160 डिग्री पर सांचा रखें। करीब 40-45 मिनट तक केक बेक करें। केक के पकने के दौरान क्रीम तैयार करें। इसके लिए एक बोल में क्रीम व शक्कर मिलाकर एकसार करें। मिश्रण को हल्का गाढ़ा होने तक फेंटे।
  • ठंडा होने पर स्पंज केक सांचे से निकालें। अब इसे तीन बराबर लेयर (परतों) में काटें। केक की पहली लेयर रखें। इस पर तैयार क्रीम फैलाएं। अब बारीक कटे पाइनएप्पल के कुछ टुकड़े डालें। इसके ऊपर दूसरी लेयर रखें और यही प्रक्रिया दोहराएं।
  • अंत में स्पंज केक की तीसरी लेयर रखें और बची हुई क्रीम से अच्छी तरह केक कवर कर दें। स्पंज पाइनएप्पल केक तैयार है। केक को सजाने के लिए क्रीम व शक्कर के मिश्रण में 2-3 बूंद मनचाहे रंग की डालें। अलग-अलग आइसिंग कोन में अलग-अलग रंग की क्रीम भर लें। अब आइसिंग कोन की मदद से तैयार केक पर पसंदीदा डिजाईन बना दें।

रम केक
सामग्री :
मेवा मिश्रण के लिए- 

  • 100 ग्राम काजू, 
  • 50 ग्राम किशमिश, 
  • 100 ग्राम गुलाब कतरी, 
  • 50 ग्राम ऑरेंज पील, 
  • 50 ग्राम लेमन पील, 
  • 50 ग्राम चिरौंजी, 
  • 50 ग्राम खजूर, 
  • 50 ग्राम स्वीट जिंजर, 
  • 50 ग्राम ब्लैक किशमिश, 
  • 3 कप रम।

केक के लिए- 

  • 250 ग्राम शक्कर, 
  • 250 ग्राम छना हुआ मैदा और 6 अंडे।

विधि :

  • केक बनाने से दो दिन पहले सभी प्रकार के मेवों को बारीक काटकर आवश्यकतानुसार रम में भिगो दें। एक बड़े कटोरे में अंडे फोड़कर डालें और फेंट लें। अब इनमें शक्कर व मैदा डालकर अच्छी तरह से फेंट लें। शक्कर के अच्छी तरह घुल जाने पर रम में भीगे हुए मेवे व 1/4 कप रम मिलाएं। मिश्रण को पुन: एकसार करें।
  • तैयार मिश्रण को चिकनाई लगे सांचे में डालें। सांचे को पहले से गर्म ओवन में 160 डिग्री पर रखें। करीब 40-45 मिनट तक केक बेक करें और ठंडा होने पर सांचे से सावधानीपूर्वक निकालें। स्वादिष्ट रम केक तैयार है।

मफिंस
सामग्री :

  • 250 ग्राम शक्कर, 
  • 250 ग्राम मैदा, 
  • 250 ग्राम मक्खन, 
  • 1 चम्मच वनीला एसेंस, 
  • आवश्यकतानुसार किशमिश।

विधि : 

  • एक बोल में शक्कर व मक्खन डालकर एकसार करें। अब इसमें मैदा डालकर फेंटे। थोड़ी देर बाद वनीला एसेंस मिलाएं। मिश्रण को अच्छी तरह से फेंट लेने के बाद कप केक के सांचों में डालें। प्रत्येक कप में 2 किशमिश डालें। अब इन्हें पहले से गर्म ओवन में 160 डिग्री पर 30-35 मिनट तक बेक करें।

No comments: